govt-ads

टिहरी में बड़ा हादसा टला: लंबगांव पुलिस ने नशेड़ी बस ड्राइवर को दबोचकर सीज की बस

Blog
 Image

नई टिहरी। उत्तराखंड के संवेदनशील पर्वतीय मार्गों पर एक बार फिर बड़ी लापरवाही सामने आई है। उत्तरकाशी से श्रीनगर जा रही एक बस का चालक अत्यधिक शराब के नशे में करीब 55 किलोमीटर तक बस दौड़ाता रहा और उसमें सवार 28 यात्रियों की सांसें अटकी रहीं। गनीमत रही कि लंबगांव के पास पुलिस की मुस्तैदी से एक बड़ा सड़क हादसा होने से टल गया। चेकिंग के दौरान संदेह होने पर जब पुलिस ने चालक की अल्कोमीटर से जांच की, तो उसके अत्यधिक नशे में होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने फौरन वाहन को सीज कर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और उसका ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति भेजी है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, काशी विश्वनाथ सेवा की बस मंगलवार सुबह उत्तरकाशी से श्रीनगर के लिए रवाना हुई थी। बस में चालक और परिचालक समेत कुल 30 लोग सवार थे, जिनमें 28 यात्री अलग-अलग स्थानों के रहने वाले थे। घुमावदार और संकरे पहाड़ी रास्तों पर तेज गति से दौड़ती बस जब लंबगांव थाना क्षेत्र के समीप पहुंची, तो वहां नियमित चेकिंग अभियान चल रहा था। चेकिंग प्वाइंट पर तैनात पुलिसकर्मियों को बस चालक की शारीरिक गतिविधियों और हाव-भाव पर गहरा संदेह हुआ। पुलिस ने फौरन बस को किनारे रुकवाया और चालक से पूछताछ की। चालक के मुंह से शराब की तीव्र दुर्गंध आने पर पुलिस ने अल्कोमीटर से उसकी सांसों की जांच की। जांच रिपोर्ट में अत्यधिक मात्रा में शराब के सेवन की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस कर्मियों के होश उड़ गए कि इतनी गंभीर स्थिति में वह 55 किमी तक संकरी सड़कों पर वाहन चलाकर लाया था। घटना की गंभीरता और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने बस को आगे जाने की अनुमति नहीं दी और उसे मौके पर ही सीज कर दिया। इसके बाद लंबगांव पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी 28 यात्रियों को उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था की। थानाध्यक्ष महिपाल सिंह रावत ने बताया कि आरोपी चालक का चिकित्सकीय परीक्षण (मेडिकल टेस्ट) कराया गया है, जिसमें नशे की आधिकारिक पुष्टि हो चुकी है।