पिथौरागढ़ और चमोली में झमाझम बारिश, 3300 मीटर से ऊपर बर्फबारी ने बढ़ाई कड़ाके की ठंड।

Blog
 Image

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 30 मार्च तक का पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि आने वाले छह दिनों में पहाड़ी जिलों में बारिश और बर्फबारी देखने को मिलेगी, जबकि मैदानी क्षेत्रों में कुछ दिन मौसम शुष्क बना रहेगा।

बुधवार 25 मार्च को गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के पांच जिल उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश के आसार हैं। इस दौरान बादलों की गरज और बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है। वहीं, 3300 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। मैदानी इलाकों में इस दिन मौसम साफ रहने की संभावना है। 26 मार्च को भी इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का अनुमान है। अन्य पहाड़ी क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि, मैदानों में इस दिन भी मौसम शुष्क रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी का सिलसिला बना रहेगा। 27 मार्च को मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। इस दिन भी उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि अन्य पहाड़ी जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी जारी रहेगी, लेकिन मैदानी क्षेत्रों में बारिश की संभावना नहीं है। 28 मार्च को भी इन पांच जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, जबकि बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इसके बाद 29 और 30 मार्च को मौसम पूरे प्रदेश में सक्रिय हो जाएगा। इन दो दिनों में राज्य के सभी जिलों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है, जबकि पहाड़ी इलाकों में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। मौसम विभाग ने लोगों, खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने को कहा गया है।