पटना। बिहार की सियासत में आज का दिन बेहद सरगर्मियों भरा और महत्वपूर्ण होने जा रहा है। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की आहट और आगामी राजनीतिक प्राथमिकताओं के बीच आज राजधानी पटना में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की एक हाई-प्रोफाइल महाबैठक होने जा रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में शुक्रवार को 'लोक सेवक आवास' (मुख्यमंत्री आवास) पर आयोजित होने वाली इस बैठक को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस महाबैठक की खास बात यह है कि इसमें न केवल एनडीए के शीर्ष नेता, बल्कि गठबंधन के सभी विधायक, विधान पार्षद और सभी जिलों के जिलाध्यक्ष भी सीधे शिरकत कर रहे हैं। सुबह से ही मुख्यमंत्री आवास पर नेताओं और जिलाध्यक्षों का जुटना शुरू हो गया है, जिससे पटना का सियासी तापमान बढ़ गया है।
संगठनात्मक और रणनीतिक महाबैठक में एनडीए अपनी पूरी ताकत दिखाने जा रहा है। बैठक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, पूर्व मुख्यमंत्री एवं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, सूबे के दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव सहित एनडीए सरकार के सभी मंत्री और घटक दलों के प्रमुख नेता एक मंच पर मौजूद रहेंगे। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इस बैठक में बेहद आक्रामक और रणनीतिक अंदाज में नजर आएंगे। वे सभी जिलों से आए जिलाध्यक्षों से वन-टू-वन (सीधे) संवाद करेंगे और सरकार की योजनाओं को लेकर जमीनी स्तर का वास्तविक फीडबैक लेंगे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार के करीब तीन महीने के कार्यकाल की गहन समीक्षा की जाएगी और विभिन्न विभागों के परफॉर्मेंस का आकलन होगा। विधानसभा चुनाव के दौरान एनडीए द्वारा जनता से किए गए वादों और 'संकल्प पत्र' को पूरा करने की दिशा में अब तक क्या प्रगति हुई है, इस पर विस्तार से चर्चा होगी। संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक बिना किसी रुकावट के पहुंचे। बैठक के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा कि एनडीए जनता से किए गए हर वादे को पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा यह बैठक इंडिया गठबंधन की बैठकों की तरह नहीं है, जहां आज नेता बैठते हैं और कल सुबह होते ही मीडिया में आकर अनर्गल बातें करने लगते हैं। एनडीए के सभी दल आपसी समन्वय के साथ चट्टानी एकता के साथ खड़े हैं। हम लोग केवल और केवल विकास पर बात करने के लिए बैठते हैं। यह बैठक जनता के कल्याण और बिहार की प्रगति के लिए बुलाई गई है। जदयू नेता ने बताया कि जिलाध्यक्षों से मिलने वाले 'फर्स्ट हैंड' फीडबैक के आधार पर ही सरकार अपनी आगामी नीतियों और योजनाओं की रूपरेखा तय करेगी। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बांकीपुर उपचुनाव से ठीक पहले हो रही एनडीए की यह महाबैठक विपक्ष को मनोवैज्ञानिक रूप से पछाड़ने और अपने कैडर्स में नई ऊर्जा फूंकने का एक बड़ा जरिया साबित होगी।

