बागेश्वर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा उत्तराखण्ड दौरे पर हैं। आज वह बागेश्वर पहुंचे और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास भी किया। इससे पहले श्री नड्डा ने नुमाइखेत मैदान में जन सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि बागेश्वर एक ऐतिहासिक स्थल है। इस वीर भूमि से कुली बेगार प्रथा के खिलाफ जो लहर चली उसने आजादी के आंदोलन को धार दी। नड्डा ने कहा कि उत्तराखंड ऐसी भूमि है जहां के लोग देश की रक्षा के लिए सबसे आगे रहते हैं। नड्डा ने कहा कि हमारी पार्टी किसी को बांटने का काम नहीं करती है। हम सबको एक सूत्र में पिरोने का काम करते हैं। हम रिपोर्ट कार्ड लेकर जाते हैं। हम किसी को कुर्सी में बैठाने नहीं आते हैं। हम विकास की राजनीति करते हैं और पार्टियां परिवाद की राजनीति करती हैं। कांग्रेस पार्टी भी आज राष्ट्रीय पार्टी नहीं बल्कि भाई-बहन की पार्टी हो गई है। हमारी पार्टी गरीब और अंतिम व्यक्ति की पीड़ा देखती है उनके लिए काम करती है। नड्डा ने जनधन योजना को लेकर कहा कि 1971 में इंदिरा गांधी ने बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया, पर गरीबों का बैंक खाता कभी नहीं खुल पाता था। जनधन योजना के द्वारा गरीबों का खाता खुला।
Tushar Kandpal
संपादक