देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखण्ड पहुंच गई हैं। दोपहर बाद राष्ट्रपति मुर्मू जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंची, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान राज्यपाल ले. जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका जोरदार स्वागत किया। यहां से वह हेलीकॉप्टर से जीटीसी हेलीपैड पहुंची और राजभवन के लिए रवाना हुई। आज शाम साढ़े छह बजे उनका मुख्यमंत्री आवास पर आगमन होगा। यहां उनके नागरिक अभिनंदन के साथ ही एक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उनका स्वागत करेंगे। इस दौरान राष्ट्रपति उपस्थित अतिथियों को संबोधित भी करेंगी। वहीं, विकास से संबंधित एक डाक्यूमेंट्री भी दिखाई जाएगी। उनका रात्रि प्रवास राजभवन में होगा। शुक्रवार को राष्ट्रपति राजभवन में नक्षत्र वाटिका का शुभारंभ करेंगी। मसूरी स्थित लाल बहादुर राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी के कार्यक्रम में शामिल होंगी। वहां से वह दोपहर दो बजे देहरादून लौटेंगी। शाम चार बजे वह दून विवि के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। जिसके बाद दिल्ली रवाना हो जाएंगी।
Tushar Kandpal
संपादक