बागेश्वर। पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश लोगों के लिए जी का जंजाल बन गयी है। बारिश के चलते आफतों का दौर जारी है, इस दौरान जहां भूस्खलन से कई मार्ग अवरूद्ध हैं वहीं आबादी क्षेत्र में भी भूस्खलन के चलते लोगों को खासा नुकसान उठाना पड़ रहा है। बारिश के चलते देर रात बागेश्वर के पंत क्वैराली में में एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत यह रही कि जब हादसा हुआ तब मकान में कोई मौजूद नहीं था वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे के चलते मकान का सारा सारा सामान मलबे में दब गया। मकान स्वामी शिवराज ने बताया कि दो दिन पहले ही उन्होंने मकान खाली कर लिया था और वह अपने चाचा के यहां शरण लेकर रहे थे, लेकिन मकान क्षतिग्रस्त होने से उनका सारा सामान मलबे में दब गया है। उन्होंने कहा कि इसके चलते उन्हें खासा नुकसान उठाना पड़ा है। पीड़ित शिवराज ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। अब देखना होगा कि क्या गरीब शिवराज को प्रशासन की तरफ से कोई मदद मिलती है या नहीं। फिलहाल अन्य ग्रामीण भी शासन-प्रशासन से पीड़ित परिवार को मदद दिलाने की मांग कर रहे हैं।
Tushar Kandpal
संपादक