बागेश्वर। आज जिलेभर में देवशयनी एकादशी धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान सुबह से मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा। इस मौके पर महिलाओं द्वारा आंगन में तुलसी का पौधा रोपा गया और पूजा अर्चना कर आशीर्वाद लिया। बता दें कि आज से से चातुर्मास का आगाज माना जाता है। अब सृष्टि के पालनकर्ता और संचालक भगवान विष्णु चार महीने के शयन या योगनिद्रा में चले जाते हैं और सृष्टि के संचालन की जिम्मेदारी भगवान शिव निभाते हैं। जानकारों के अनुसार आज से ही चातुर्मास व्रत का भी शुभारंभ होता है। पुराणों के अनुसार इस वक्त भगवान विष्णु क्षीर सागर की अनन्त शैय्या पर योगनिद्रा के लिए चले जाते हैं। चातुर्मास के प्रारम्भ की एकादशी को देवशयनी एकादशी कहते हैं। इस चौमासे के अंत में जो एकादशी आती है उसे देव उठनी एकादशी कहते हैं। इस दिन भगवान के उठने का समय होता है। इन चार महीनों में विष्णु शयन करते हैं, जिसके चलते इन महीनों में कोई भी मांगलिक कार्य नहीं किया जाता।
Tushar Kandpal
संपादक