बिहार के स्कूलों और कॉलेजों में अनिवार्य होगा योग: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का बड़ा एलान

Blog
 Image

पटना।12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बिहार सरकार ने राज्य के युवाओं और छात्रों के स्वास्थ्य को लेकर एक बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लिया है। राजधानी पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित भव्य राज्यस्तरीय योग समारोह के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एलान किया कि बिहार सरकार अगले वर्ष से राज्य के सभी स्कूलों और कॉलेजों के पाठ्यक्रम में योग को एक विषय के रूप में शामिल करने जा रही है। इससे पहले, कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सूबे के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने मंच से मुख्यमंत्री से आग्रह किया था कि छात्रों के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए इसे पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया जाए, जिस पर मुख्यमंत्री ने तुरंत अपनी सहमति देते हुए यह बड़ा एलान किया। इस गरिमामयी अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खुद भी अन्य गणमान्य अतिथियों और हजारों नागरिकों के साथ योगासनों का अभ्यास किया।

 जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य सांस्कृतिक विरासत है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। उन्होंने कहा "बिना किसी आर्थिक खर्च के यदि हमें स्वस्थ, खुशहाल और दीर्घायु जीवन जीना है, तो योग सबसे सरल और प्रभावी उपाय है। नियमित योगाभ्यास से न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि व्यक्ति तनावमुक्त होकर ऊर्जावान जीवन जी सकता है। हमारे छात्र और युवा देश का भविष्य हैं, यदि वे स्वस्थ रहेंगे तो बिहार और तेजी से आगे बढ़ेगा। मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के वैश्विक महत्व को रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी प्रयासों के कारण ही आज योग को वैश्विक मंच पर यह गौरवशाली पहचान मिली है। आज दुनिया के सैकड़ों देशों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस एक महापर्व की तरह उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है, जिसने विश्व मंच पर भारत की सांस्कृतिक विरासत को एक नई और ऊंची प्रतिष्ठा दिलाई है। मुख्यमंत्री ने सभी बिहारवासियों से अपील की कि वे हर दिन अपनी व्यस्त दिनचर्या में से कुछ समय योग और प्राणायाम के लिए जरूर निकालें। अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार राज्य में खेल, स्वास्थ्य, शिक्षा और युवा कल्याण को बढ़ावा देने के लिए लगातार नीतिगत कार्य कर रही है। स्कूलों में योग का पाठ्यक्रम शुरू करना इसी दिशा में उठाया गया एक मजबूत कदम है। उन्होंने समस्त बिहारवासियों और देशवासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुखद, स्वस्थ और निरोग जीवन की कामना की। इस भव्य कार्यक्रम में राज्य के कई वरिष्ठ राजनेता, प्रशासनिक अधिकारी, खेल जगत की हस्तियां और भारी संख्या में स्कूली बच्चे व आम नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने सामूहिक रूप से योग करने का संकल्प लिया।