10/11/2022, बागेश्वर: जिले में गुरुवार को मौसम का मिजाज एकाएक बदल गया। हिमालयी गांवों में ओलावृष्टि हुई। जिससे फसलों को नुकसान पहुंचा है। जिले के अन्य हिस्सों में हल्की बंदूबांदी हुई। जिससे पारा गिर गया है और ठंड बढ़ गई है।
मौसम विभाग ने वर्षा का पूर्वनूमान जारी किया था। गुरुवार को सुबह घाटी वाले क्षेत्र कोहरे से ढके रहे। दस बजे बाद आसामान में बाछल छाए रहे। शीशाखानी, जौलकांडे, लेटी आदि गांवों में हल्की वर्षा हुई। कपकोट क्षेत्र के उच्च हिमालयी गांव शामा, कुंवारी, बदियाकोट, खाती, समडर, जांतोली, रिखाड़ी आदि स्थानों पर ओलावृष्टि हुई। जिससे हरी सब्जियों को नुकसान पहुंचा है। ओलावृष्टि के बाद पिंडारी में हिमपात की संभावना बनी हुई है। आसमान में बादल रहने से जिले के गरुड़, कांडा, काफलीगैर, दुग नाकुरी आदि तहसीलों में भी ठंड बढ़ गई है। लोगों ने ठंड से बचने के लिए अलावा जलाने शुरू कर दिए गए हैं। इधर, जिला आपदा अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि मौसम विभाग ने वर्षा का पूर्वानूमान जारी किया है। ओलावृष्टि से किसानों को हुए नुकसान का राजस्व विभाग आंकलन करेगा।