बांकीपुर उपचुनाव: प्रशांत किशोर के 'धोखे' वाले बयान पर एनडीए का पलटवार,नीतीश कुमार से मिला आशीर्वाद,भितरघात की अटकलों पर लगा विराम

Blog
 Image

पटना। बिहार की इकलौती उपचुनाव वाली बांकीपुर विधानसभा सीट पर सियासी तापमान अचानक चरम पर पहुंच गया है। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर द्वारा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में फूट और 'धोखे' की राजनीति के लगाए गए आरोपों के बीच, एनडीए ने एकजुटता की एक बड़ी तस्वीर पेश कर विपक्ष के दावों की हवा निकाल दी है। बांकीपुर से भाजपा के नवनिर्वाचित उम्मीदवार अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ 'अभिषेक बंटी' को साथ लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी सीधे पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के आवास पहुंचे। नीतीश कुमार और जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने भाजपा प्रत्याशी को प्रचंड विजय का आशीर्वाद दिया। इस मुलाकात की तस्वीर सामने आते ही जदयू के भीतर चल रही 'भितरघात' की सभी सियासी चर्चाओं पर पूरी तरह विराम लग गया है।

दरअसल, उपचुनाव के मैदान में उतरते ही प्रशांत किशोर ने यह चर्चा छेड़ दी थी कि भाजपा ने जदयू को धोखा देकर चुने हुए मुख्यमंत्री को हटाया और अपना मुख्यमंत्री बना लिया। इस बयान के बाद बांकीपुर सीट पर एनडीए के भीतर खींचतान की अफवाहें उड़ने लगी थीं। मुलाकात के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा, "बांकीपुर में ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी घटक दलों के शीर्ष नेताओं से मुलाकात का सिलसिला शुरू हो चुका है। हम यहाँ सिर्फ जीतने नहीं, बल्कि जीत का अंतर बढ़ाने के लिए मैदान में उतरे हैं।" वहीं, प्रत्याशी अभिषेक बंटी ने कहा कि वह पिछले दो दशकों से भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन के मार्गदर्शन में काम कर रहे हैं और उनकी छोड़ी हुई इस सीट पर एनडीए का झंडा बुलंद रखेंगे।