गंगोलीहाट। पिथौरागढ़ जनपद अंतर्गत गंगोलीहाट क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। रुड़की के एक होटल में दो दिन पूर्व भारतीय सेना के एक जवान का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। मृतक जवान की पहचान 40 वर्षीय कमलदीप दशौनी उर्फ मनोज के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पाताल भुवनेश्वर के समीप गनौरा गांव के निवासी थे। वर्तमान में उनका परिवार पिछले कुछ वर्षों से गंगोलीहाट स्थित जीआईसी के पास अपने मकान में रह रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कमलदीप दशौनी सेना की बंगाल इंजीनियरिंग विंग में कार्यरत थे और वर्तमान में उनकी तैनाती पंजाब में थी। कमलदीप अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनका पूरा परिवार देश सेवा से जुड़ा हुआ है, उनके दो छोटे भाइयों में से एक बंगाल इंजीनियरिंग में ही सेवारत है, जबकि दूसरा छोटा भाई भारतीय वायुसेना (एयरफोर्स) में अपनी सेवाएं दे रहा है। लगभग दो वर्ष पूर्व कमलदीप के पिता, जो स्वयं एक पूर्व सैनिक थे, का भी निधन हो गया था। वर्तमान में उनकी वृद्ध माता गंगोलीहाट में ही परिवार के साथ रहती हैं।
मृतक सैनिक कमलदीप दशौनी की पत्नी हेमलता खाती दशौनी जीआईसी चहज में सहायक अध्यापिका के पद पर तैनात हैं। उनके दो मासूम बच्चे हैं, जिनमें 12 वर्षीय पुत्री तानिया कक्षा 6 की छात्रा है और 6 वर्षीय पुत्र राजवीर कक्षा 1 में एक निजी विद्यालय में पढ़ता है। बताया जा रहा है कि लगभग तीन महीने पूर्व अपनी नानी के निधन पर कमलदीप उन्हें श्रद्धांजलि देने घर आए थे, उसी दौरान उनकी बच्चों और परिवार से आखिरी मुलाकात हुई थी। कमलदीप के असमय निधन की खबर मिलते ही जहां परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं माता, पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गंगोलीहाट और पाताल भुवनेश्वर क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने जवान के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।

