पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को प्रतिष्ठा की लड़ाई मान रही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अब चुनावी अभियान को पूरी तरह तेज कर दिया है। पार्टी का लक्ष्य केवल जीत दर्ज करना नहीं, बल्कि पिछले चुनाव से अधिक मतों के अंतर से विजय हासिल करना है। इसी रणनीति के तहत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पटना पहुंच चुके हैं और लगातार मैराथन बैठकों के जरिए संगठन को चुनावी मोड में ला रहे हैं। प्रत्याशी बदलने को लेकर हुई राजनीतिक आलोचना के बीच भाजपा अब संगठन की ताकत के दम पर चुनाव जीतने की तैयारी में जुट गई है। सोमवार देर रात नितिन नवीन के आवास पर हुई महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। बैठक का मुख्य एजेंडा एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा की जीत सुनिश्चित करने के लिए बूथ स्तर तक रणनीति को मजबूत करना रहा। नेताओं ने चुनावी समीकरण, जनसंपर्क अभियान, बूथ प्रबंधन और संगठनात्मक तैयारियों पर विस्तार से मंथन किया।
दरअसल, बांकीपुर को नितिन नवीन का राजनीतिक गढ़ माना जाता है। ऐसे में प्रत्याशी बदलने के फैसले को लेकर पार्टी को विरोधियों के साथ-साथ आम लोगों के बीच भी सवालों का सामना करना पड़ा। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि भाजपा इस बार कोई बड़ा या चर्चित चेहरा मैदान में नहीं उतार सकी। हालांकि भाजपा नेताओं का कहना है कि यह चुनाव किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे संगठन का है। उनका दावा है कि पार्टी का हर कार्यकर्ता उम्मीदवार बनकर मैदान में काम कर रहा है और जनता विकास तथा सुशासन के मुद्दे पर भाजपा को समर्थन देगी। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि ऐतिहासिक जीत हासिल करने के लिए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करने तथा सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि चुनाव की जीत का आधार मजबूत बूथ प्रबंधन और प्रभावी जनसंपर्क होगा। उन्होंने मंडल अध्यक्षों, शक्ति केंद्र प्रमुखों, उपप्रमुखों, बूथ अध्यक्षों और सभी कार्यकर्ताओं को हर बूथ पर संगठन को सक्रिय बनाने का विशेष टास्क दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ चुनाव प्रचार में जुटे और अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित करे। बैठक में चुनावी रणनीति के साथ-साथ मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर भी विशेष चर्चा हुई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से कहा कि मतदान के दिन प्रत्येक समर्थक को बूथ तक पहुंचाना उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी होगी। इसके लिए अभी से बूथवार योजना तैयार करने और मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाने का संकल्प लिया। उन्होंने भरोसा जताया कि संगठन की एकजुटता, बूथ स्तर की मजबूत तैयारी और व्यापक जनसंपर्क अभियान के दम पर भाजपा बांकीपुर उपचुनाव में बड़ी जीत दर्ज करेगी। अब सभी की नजरें 3 अगस्त पर टिकी हैं, जब मतदाताओं का फैसला सामने आएगा और यह स्पष्ट होगा कि भाजपा अपनी प्रतिष्ठा बचाने में कितनी सफल रही।

