नागरिकों ने सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली

Blog
 Image

देहरादून में सड़क सुरक्षा जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से आयोजित पांच किलोमीटर दौड़ का शुभारंभ मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। कैंट रोड से फ्लैग ऑफ की गई इस दौड़ में विभिन्न आयु वर्गों के बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना रहा। फ्लैग ऑफ के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा पर्यावरण की रक्षा के लिए संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि बढ़ते यातायात और प्रदूषण के दौर में हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह ट्रैफिक नियमों का पालन करे और प्रकृति के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाए।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। जागरूकता अभियान, सख्त यातायात नियमों का पालन और जनसहभागिता से ही सड़क हादसों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी सरकार विभिन्न योजनाओं और अभियानों के माध्यम से लोगों को जोड़ रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देने का सशक्त माध्यम होते हैं। दौड़ में शामिल प्रतिभागियों ने भी सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम के दौरान उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला और लोगों ने इसे जनहित की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। यह आयोजन न केवल फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का माध्यम बना, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश भी देता नजर आया।