बागेश्वर। कपकोट थाना क्षेत्र के सुमगढ़ में घर में फांसी के फंदे पर लटकी मिली किशोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। हालांकि मौत कैसे हुई पुलिस इस बारे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार करने की बात कह रही है। पुलिस का कहना है कि एक किशोर ने किशोरी को अपने घर में रखा था। किशोर को जिला न्यायालय के आदेश पर बाल सुधार गृह भेज दिया है।
10 दिसंबर को किशोरी फांसी के फंदे पर लटकी मिली थी। बताया जा रहा है कि वह नाबालिग के घर करीब तीन महीने से रह रही थी। हालांकि अभी यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों ने शादी की थी या नहीं। पुलिस का कहना है कि यह जांच का विषय है।
इधर, पुलिस को किशोरी के नाबालिग होने का संदेह हुआ। इसी बिंदु पर जांच आगे बढ़ाई गई। सोमवार को किशोरी की मां ने बेटी को भगाकर ले जाने और हत्या करने संबंधी तहरीर कपकोट थाने में दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया था।
पुलिस की जांच में किशोरी की उम्र करीब 16 वर्ष और किशोर की उम्र 17 साल 8 महीने निकली। कपकोट के थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नगरकोटी ने बताया कि किशोर को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। एसपी हिमांशु वर्मा के निर्देश पर मामले की जांच निरीक्षक जेएस ढकरियाल कर रहे हैं। जांच अधिकारी के अनुसार अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिली है। रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा।