govt-ads

सेना, SOG और CRPF की संयुक्त टीम ने कुलगाम CRPF चौकी पर हमला करने वाले को मार गिराया

Blog
 Image

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी लतीफ भट को मुठभेड़ में मार गिराया है। भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) और CRPF की संयुक्त टीमों द्वारा यह ऑपरेशन चलाया गया। कुलगाम के एसएसपी अनायत अली ने ऑपरेशन की जानकारी देते हुए बताया कि आतंकी लतीफ भट रात करीब 2:45 बजे एक स्थानीय मस्जिद में दाखिल हुआ और वहां से सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। धार्मिक स्थल को किसी भी तरह के नुकसान से बचाने के लिए सुरक्षाबलों ने मस्जिद के भीतर घुसकर कार्रवाई करने से परहेज किया। इसके बजाय, सुरक्षा एजेंसियों ने संयम बरतते हुए उसे आत्मसमर्पण करने के कई मौके दिए। एसएसपी ने खुलासा किया कि उन्होंने खुद आतंकी से लंबी वीडियो कॉल पर बात कर उसे हथियार डालने के लिए समझाया और भरोसा दिलाया कि सरेंडर करने पर उसकी जान बख्श दी जाएगी। हालांकि, लतीफ ने इस पेशकश को ठुकराते हुए कहा कि उसके साथ अल्लाह के सिवा कोई नहीं है। आत्मसमर्पण से इनकार करने के बाद सुरक्षाबलों ने उसे बाहर निकालने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। जैसे ही वह मस्जिद से बाहर निकला, जवाबी कार्रवाई में उसे मार गिराया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, लतीफ भट 18 नवंबर 2025 को लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हुआ था। वह स्व-कट्टरपंथ की राह पर चल पड़ा था और सीमा पार बैठे आकाओं के इशारे पर घाटी की शांति, पर्यटन और अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने की साजिश रच रहा था। लतीफ 11 नवंबर को कुलगाम के मीर बाजार के पास CRPF चौकी पर हुए आतंकी हमले का मुख्य साजिशकर्ता भी था, जिसमें तीन सुरक्षाकर्मी घायल हुए थे। उसकी मौत को आतंकी नेटवर्क के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।