बेटी से कथित गलत हरकत और धमकी के बाद महिला पहुंची अधिकारियों के पास

Blog
 Image

देवभूमि के रामनगर से एक ऐसा रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने समाज और पवित्र रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। यहाँ एक पिता पर अपनी ही अविवाहित बेटी के साथ अश्लील हरकत करने की कोशिश और उसे गंदे मैसेज भेजने का बेहद गंभीर आरोप लगा है। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद पीड़ित युवती की मां ने हिम्मत दिखाते हुए कोतवाली में अपने पति के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

पूरा मामला रामनगर क्षेत्र की एक कॉलोनी का है। पुलिस को दी गई तहरीर में महिला ने बताया कि उसका पति लंबे समय से अपनी सगी बेटी के मोबाइल पर व्हाट्सएप के जरिए अश्लील और अभद्र संदेश भेज रहा था। हद तो तब हो गई जब उसने मर्यादा की सारी सीमाएं लांघते हुए बेटी के साथ छेड़छाड़ और गलत हरकत करने का प्रयास किया। डरी-सहमी बेटी ने जब यह सारी आपबीती अपनी मां को सुनाई, तो परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। हैरानी की बात यह है कि जब मां ने इस करतूत का विरोध किया और पति से जवाब मांगा, तो आरोपी ने शर्मिंदा होने के बजाय अपनी पत्नी को ही डराना-धमकाना शुरू कर दिया। महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति उसे जान से मारने और अंजाम भुगतने की धमकियां दे रहा है। महिला ने पुलिस को बताया कि उसे डर है कि उसका पति मौका पाकर बेटी के साथ कोई बड़ी अनहोनी कर सकता है। इसी डर और बेटी के भविष्य की खातिर मां ने कानून का दरवाजा खटखटाया। रामनगर कोतवाली के प्रभारी सुशील कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस के अनुसार, महिला उपनिरीक्षक ने पीड़िता के बयान दर्ज कर लिए हैं। आरोपी पिता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 74 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस अब साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी और आगे की कानूनी कार्यवाही में जुट गई है। इस घटना ने स्थानीय इलाके में भारी आक्रोश और सनसनी फैला दी है। समाज में सुरक्षा और विश्वास के प्रतीक माने जाने वाले 'पिता' के रूप पर लगे इन आरोपों ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। लोग सोशल मीडिया और सार्वजनिक स्थानों पर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल, पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके।