भोजपुर। बिहार के भोजपुर जिले में रविवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बिहिया थाना क्षेत्र के टिपुरा गांव के समीप अज्ञात हमलावरों ने हिस्ट्रीशीटर राजेश यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। 35 वर्षीय राजेश यादव हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था और अपनी मां का इलाज कराने के बाद बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में घात लगाए बदमाशों ने उसे घेरकर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल राजेश को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान जगदीशपुर थाना क्षेत्र के रूपबांध गांव निवासी दशरथ यादव के पुत्र राजेश यादव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार राजेश का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ फायरिंग, हत्या के प्रयास, रंगदारी समेत करीब एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज थे। हाल ही में वह एक मामले में जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर आया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से महत्वपूर्ण सबूत एकत्र किए। जगदीशपुर के एसडीपीओ पंकज मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में टिपुरा गांव निवासी योगेंद्र यादव पर गोली चलाने का आरोप सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के घर पर छापेमारी कर एक पिस्तौल और मैगजीन बरामद की है। हालांकि आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। हालांकि अभी सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतक के चाचा ने बताया कि राजेश अपनी मां को दवा दिलाकर बाइक से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए अपराधियों ने उसे घेर लिया और गोलियां बरसा दीं। उन्होंने आरोप लगाया कि नामजद आरोपी के अलावा कई अन्य लोग भी इस हमले में शामिल थे। परिजनों का कहना है कि घटना सुनियोजित साजिश के तहत अंजाम दी गई है और सभी दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से भोजपुर जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपितों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

