पटना में जदयू का महाजुटान: नीतीश कुमार की ताजपोशी आज, पहली बार राष्ट्रीय बैठक में पहुंचे निशांत

Blog
 Image

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की प्रचंड जीत और जनता दल यूनाइटेड के ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद आज राजधानी पटना में जदयू के दिग्गजों का महाजुटान हुआ है। प्रदेश कार्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी और राष्ट्रीय परिषद की अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक शुरू हो चुकी है। इस बैठक की मुख्य विशेषता यह है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर एक बार फिर राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में औपचारिक मुहर लगाई जाएगी। दोपहर बाद मुख्यमंत्री स्वयं बैठक में शामिल होने के लिए जदयू दफ्तर पहुंचेंगे, जहां उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके साथ ही, प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा को दोबारा बिहार की कमान सौंपे जाने के प्रस्ताव पर भी मुहर लगने की पूरी संभावना है।

बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय झा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि सांगठनिक चुनाव संपन्न होने के बाद यह पार्टी की पहली सबसे बड़ी राष्ट्रीय बैठक है। ऐतिहासिक चुनावी सफलता के बाद आयोजित हो रहे इस महाजुटान को लेकर नेताओं और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह और नई ऊर्जा देखी जा रही है। संजय झा ने विधानसभा चुनाव के आंकड़ों को रेखांकित करते हुए कहा साल 2025 के विधानसभा चुनाव में जदयू और पूरे एनडीए का प्रदर्शन अभूतपूर्व रहा। जदयू ने राज्य की 101 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिनमें से शानदार 85 सीटों पर जीत दर्ज की। अगर जीत के प्रतिशत (स्ट्राइक रेट) के हिसाब से देखें, तो यह लगभग 84 फीसदी बैठता है, जो जदयू के इतिहास का अब तक का सबसे सर्वश्रेष्ठ और रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन है। इस राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक का सबसे बड़ा और सियासी गलियारों में चर्चा का केंद्र बिंदु मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे और सूबे के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार का आगमन है। यह पहला मौका है जब निशांत कुमार पार्टी की किसी इतनी बड़ी और नीति-निर्धारक राष्ट्रीय स्तर की बैठक में सीधे तौर पर शामिल हो रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषक निशांत कुमार की इस सहभागिता को जदयू की भावी राजनीति और संगठन के भीतर उनकी बढ़ती सक्रियता के एक बड़े संकेत के रूप में देख रहे हैं। बैठक की गहमागहमी के बीच मोकामा से जदयू के कद्दावर विधायक अनंत सिंह अपनी बेहद कीमती और लग्जरी 'डिफेंडर' कार से जदयू दफ्तर पहुंचे, जो वहां मौजूद कार्यकर्ताओं के आकर्षण का केंद्र बन गई। जब पत्रकारों ने उनसे बैठक के एजेंडे को लेकर सवाल पूछा, तो अपने चिरपरिचित अंदाज में अनंत सिंह ने कहा, "बैठक के अंदर जाएंगे, तब ना बताएंगे कि क्या हुआ?" इसके बाद वे सीधे दफ्तर के भीतर चले गए। वहीं, बैठक की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि पटना की इस ऐतिहासिक धरती पर देशभर से पार्टी के डेलिगेट्स (प्रतिनिधि) शिरकत करने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार हमेशा से देश की राजनीति और सामाजिक परिवर्तन की धुरी रहा है। चाहे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का चंपारण सत्याग्रह हो या लोकनायक जयप्रकाश नारायण की सम्पूर्ण क्रांति, बिहार ने हर दौर में देश को नई दिशा दी है। ऐसे गौरवशाली प्रदेश में हो रही यह बैठक मील का पत्थर साबित होगी। फिलहाल, पार्टी के राष्ट्रीय एजेंडे और भविष्य की रणनीतियों को लेकर मंथन का दौर जारी है।