मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी का समापन, खेल उत्कृष्टता का विजन पेश

Blog
 Image

देहरादून। राजधानी देहरादून में आयोजित ‘मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी’ का भव्य समापन समारोह उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान किए। समारोह में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों की भारी उपस्थिति रही, जिससे आयोजन का उत्साह दोगुना हो गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से उत्तराखण्ड में खेलों और खिलाड़ियों को नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लागू की गई ‘नई खेल नीति’ के सकारात्मक परिणाम अब धरातल पर दिखाई देने लगे हैं। सरकार ने खिलाड़ियों को बचपन से ही बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और सुरक्षित भविष्य देने का संकल्प लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन राज्य के खेल इतिहास में मील का पत्थर है। हमने संकल्प लिया था कि उत्तराखण्ड को खेल मानचित्र पर अग्रणी राज्य बनाएंगे और आज खिलाड़ियों की मेहनत उस दिशा में सार्थक परिणाम दे रही है। उन्होंने कहा कि पहले प्रतिभा होने के बावजूद खिलाड़ियों को उचित मंच और भविष्य की सुरक्षा नहीं मिल पाती थी, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है।

सीएम धामी ने बताया कि सरकार ने ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी देने की व्यवस्था लागू की है। अब खिलाड़ियों को अपने भविष्य की चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, “आप मैदान में पसीना बहाइए, आपके भविष्य की जिम्मेदारी सरकार उठाएगी।” उन्होंने यह भी कहा कि सरकार केवल नीतियां बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सुदूरवर्ती क्षेत्रों में मिनी स्टेडियम और खेल मैदानों का निर्माण किया जा रहा है, ताकि गांवों की प्रतिभाएं भी अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं का लाभ उठा सकें। आगामी राष्ट्रीय खेलों में मलखंब जैसे पारंपरिक खेल को शामिल करना भी राज्य की सांस्कृतिक पहचान को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशामुक्त उत्तराखण्ड के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया और कहा कि खेलों से जुड़कर युवा न केवल शारीरिक रूप से मजबूत बनते हैं, बल्कि अनुशासन और आत्मविश्वास भी सीखते हैं। उन्होंने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए अन्य प्रतिभागियों को भी निराश न होने की सलाह दी। समारोह में खेल मंत्री रेखा आर्या, सचिव अमित सिन्हा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उत्तराखण्ड को देश का स्पोर्ट्स हब बनाने के संकल्प को दोहराया।