बागेश्वर। मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे राजस्व कर्मचारियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। विगत दिवस हड़ताली कर्मियों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए कहा कि जबतक उनकी मांगे पूरी नहीं हो जाती तबतक उनका संघर्ष जारी रहेगा। उधर कर्मचारियों के आंदोलन से राजस्व पुलिस क्षेत्रों में कानून व्यवस्था का कार्य प्रभावित हो गया है। जिले के राजस्व कर्मचारी समान कार्य का समान वेतन देने, राजस्व और कानूनगो संघों के एकीकरण का विरोध, 16वें बैच के राजस्व निरीक्षण प्रशिक्षण, राजस्व निरीक्षक क्षेत्रों के पुनर्गठन और राजस्व निरीक्षक सेवा नियमावली में ठोस निर्णय देने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। हड़ताली कर्मचारियों ने कहा कि शासन-प्रशासन द्वारा लगातार उनकी अनदेखी की जा रही है। कहा कि वह जायज मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं और अब वह अपनी मांगों को मनवाकर ही शांत होंगे। इस दौरान संघ के जिलाध्यक्ष जगदीश सिंह परिहार, पंकज साह, जगत सिंह कोरंगा आदि थे।
Tushar Kandpal
संपादक