बागेश्वर। बागेश्वर-टनकपुर रेल लाइन निर्माण की मांग एक बार फिर जोर-शोर से उठने लगी है। मांग को लेकर संघर्ष समिति के सदस्यों ने तहसील में नारेबाजी के बीच जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान समिति ने कुमाऊं के विकास के लिए रेल लाइन को अहम बताया। सरकार से जल्द रेल लाइन निर्माण के लिए बजट आवंटित करने की मांग की। सदस्यों ने रेल लाइन का निर्माण शुरू होने तक संघर्ष जारी रखने की चेतावनी दी। रेल लाइन निर्माण संघर्ष समिति की जिलाध्यक्ष नीमा दफौटी के नेतृत्व में समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। अध्यक्ष दफौटी ने कहा कि अंग्रेजों के जमाने की स्वीकृत और सर्वेक्षण वाली रेल लाइन के निर्माण को स्वतंत्रता के बाद देश की सरकारों ने गंभीरता से नहीं लिया। कहा कि सामरिक महत्व की इस रेल लाइन की कुमाऊं को सख्त जरूरत है। रेल लाइन का निर्माण होने से व्यापारियों, सैनिकों और क्षेत्रवासियों को लाभ होगा। समिति ने केंद्र सरकार से जल्द रेल लाइन निर्माण के लिए बजट आवंटित करने और निर्माण कार्य शुरू करवाने की मांग की। वहां पर महासचिव खड़क राम आर्या, गिरीश चंद्र पाठक, प्रताप सिंह गड़िया, हयात सिंह मेहता, मोहन चंद्र उप्रेती, महेंद्र सिंह कोश्यारी, सोबन सिंह, खीम सिंह आदि थे।
Tushar Kandpal
संपादक