बागेश्वर। पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) प्रशिक्षण पूरन सिंह रावत ने रिजर्व पुलिस लाइन के निरीक्षण के दौरान कार्यालय, कैंटीन, भोजनालय, व्यायामशाला, परिवहन शाखा, स्टोर, बैरक आदि का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अच्छा कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को पुरस्कृत करने के निर्देश भी दिए। इस मौके पर आईजी प्रशिक्षण रावत ने अधिकारियों, कर्मचारियों का सम्मेलन लेकर उनकी पारिवारिक, विभागीय समस्यायें भी सुनी। उन्होंने सकारात्मक सोच रखते हुए अपने कर्तव्य का पालन करने की नसीहत दी। कहा कि अच्छा कार्य करने वालों को पुरस्कृत करने से उनका मनोबल ऊंचा रहेगा। उन्होंने थाना, चौकी स्तर पर कर्मचारियों को हथियारों का प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। थानों में नियुक्त बीट कांस्टेबल अपने बीट क्षेत्र में जाकर ग्राम प्रधानों और आम जनता से वार्तालाप करें। इससे बीट क्षेत्र में होने वाले क्रियाकलापों की जानकारी प्राप्त हो सकेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस का जनता से मधुर व्यवहार होगा तो पुलिस की छवि में सुधार होगा। महिला हेल्प डेस्क पर नियुक्त अधिकारी/कर्मचारी शिकायतकर्ता/पीड़ित से शालीनतापूर्वक अच्छा व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं का समाधान करें। उन्होंने वृक्ष पुरुष किशन सिंह मलड़ा के साथ लाइन परिसर में पौधरोपण किया। निरीक्षण के दौरान एसपी अमित श्रीवास्तव और अन्य अधिकारी मौजूद थे।
Tushar Kandpal
संपादक