बागेश्वर। जिले में विभिन्न स्कूलों के एनसीसी कैडेटों द्वारा राष्ट्रीय समुद्री दिवस पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। कैडेटों ने पुनीत भारत अभियान के तहत नुमाइशखेत से जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान सरयू-गोमती संगम पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में 81 यूके बटालियन के 250 से अधिक कैडेटों ने भागीदारी की। इस दौरान राइंका बागेश्वर, कंट्रीवाइड पब्लिक स्कूल, राइंका मंडलसेरा, विवेकानंद इंका मंडलसेरा और नेशनल मिशन इंका बागेश्वर के एनसीसी कैडेट नुमाइशखेत में एकत्र हुए। मैदान से कैडेटों ने प्रेरणादायक नारों के साथ नगर में जागरूकता रैली निकाली। सरयू-गोमती संगम पर रैली का समापन हुआ। जिसके बाद छात्र-छात्राओं ने नदियों के तट पर सफाई की। कैडेटों ने नदी और आसपास बिखरे कूड़े को एकत्र किया। पॉलीथिन और कचरे को जमा किया। कंट्रीवाइड पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक भी पेश किया। कार्यक्रम में कमान अधिकारी कर्नल वीके उप्रेती, लेफ्टिनेंट कर्नल रविंद्र भंडारी, ईओ सतीश कुमार, कैप्टन दीप चंद्र जोशी, एनसीसी अधिकारी सचिन बिष्ट, हेम पांडेय, शंकर सिंह रौतेला, सूबेदार मेजर विक्रम सिंह आदि थे।
Tushar Kandpal
संपादक