बिहार में कुदरत का कहर: ठनका गिरने से तीन की दर्दनाक मौत, 4 जिलों में भारी बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट'

Blog
 Image

पटना। बिहार में मानसून की सुस्त रफ्तार के बीच मौसम का मिजाज जानलेवा साबित हो रहा है। राज्य में कमजोर पड़े मानसून के बावजूद कई इलाकों में अचानक आंधी, तेज बारिश और आकाशीय बिजली (वज्रपात) का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को वैशाली जिले में ठनका गिरने से दो युवकों और एक महिला समेत तीन लोगों की असमय मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से झुलस गया। इस बीच, मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने अगले 24 घंटों के लिए राज्य के उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है।

शुक्रवार को वैशाली जिले के राघोपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत जुड़ावनपुर और महनार थाना क्षेत्रों में आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचाई। बीरपुर पंचायत (वार्ड-8) के रहने वाले तीन दोस्त 23 वर्षीय विवेक कुमार, 19 वर्षीय पीयूष कुमार और अभिषेक कुमार एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान जुड़ावनपुर के करारी टोला के पास अचानक आसमान से मौत बरस पड़ी। वज्रपात की चपेट में आने से विवेक और पीयूष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अभिषेक गंभीर रूप से झुलस गया। महनार थाना क्षेत्र में एक महिला चार दिन पहले एक धार्मिक सत्संग में शामिल होने अपने मायके आई थी। शुक्रवार को अचानक शुरू हुई बारिश के दौरान जब वह घर के बाहर रखे गोइठा (उपले) को प्लास्टिक से ढकने गई, तभी वह आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई और उसकी दर्दनाक मौत हो गई। मौसम विभाग ने उत्तर बिहार के पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी और उसके आसपास के इलाकों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश, भीषण आंधी और वज्रपात की आशंका जताते हुए लोगों को पक्के मकानों में शरण लेने और पेड़ों व बिजली के खंभों से दूर रहने की सख्त सलाह दी गई है। दूसरी ओर, शुक्रवार देर शाम राजधानी पटना, बांका, दरभंगा, पूर्णिया, सहरसा और समस्तीपुर समेत कई जिलों में हुई तेज हवाओं के साथ बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत दी है। वर्षा के कारण पटना समेत 16 जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को पटना का पारा 40.5 डिग्री रहा, जबकि 42.5 डिग्री सेल्सियस के साथ भभुआ राज्य का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, भले ही अगले 4-5 दिनों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल दिख रही हैं, लेकिन समग्र रूप से अगले सात दिनों तक पूरे राज्य में सामान्य से कम बारिश होगी। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि राज्य के पश्चिमी और मध्य भागों में 22 जून तक भीषण लू (हीटवेव) का प्रकोप जारी रहेगा। इन इलाकों में दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी, जिससे उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करेगी।