बागेश्वर। लगातार बढ़ रही महंगाई के विरोध में कांग्रेसियों ने प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर और स्कूटी को फूल-मालाएं पहनाकर अपना आक्रोश व्यक्त किया। कहा कि जब चुनाव का समय आता है तब भाजपा जनता से झूठे वादे करती है और चुनाव के बाद जनता को महंगाई के बोझ के नीचे दबा दिया जाता है। कांग्रेसियों का कहना था कि भाजपा ने हमेशा जनता को छलने का काम किया है। भाजपा सरकार में जनता की सुनने वाला कोई नहीं है। भाजपा के नेताओं और मंत्रियों को अपनी जेबें भरने से फुर्सत नहीं मिल रही है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष लोकमणि पाठक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि चुनाव परिणाम आते ही सरकार ने अपना चरित्र दिखाना शुरु कर दिया है। रोजाना पेट्रोलियम पदार्थों के दाम बढ़ाए जा रहे हैं। जिसका असर रोजमर्रा के सामान पर भी पड़ रहा है। पहले से ही महंगाई की मार से लोग बेहाल हैं, ऐसे में बढ़ती कीमतों ने परेशानियों में इजाफा कर दिया है। कहा कि जिस तरह से महंगाई आसमान छू रही है, उसके खिलाफ आवाज उठाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने महंगाई मुक्त भारत अभियान की शुरुआत की है। कहा कि जब तक सरकार महंगाई पर अंकुुश नहीं लगाती, कांग्रेस विरोध करती रहेगी। कार्यक्रम का संचालन अर्जुन भट्ट ने किया। वहां पर गीता रावल, रंजीत दास, महेश पंत, विनोद पाठक, कुंदन गिरी, लक्ष्मी धर्मशक्तू, गोविंद कठायत, दिग्विजय जनौटी, गीतांजलि आदि थे।
Tushar Kandpal
संपादक