बागेश्वर। पहाड़ पर सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे। पुलिस के जागरूक करने के बावजूद वाहन चालक नियमों को ताक पर रखकर सड़कों पर वाहन दौड़ाते हैं जिसके चलते कई लोगों की जान चली जाती है, जबकि कई लोगों को अस्पताल के चक्कर काटने पड़ते हैं। विगत दिवस बागेश्वर के दफौट क्षेत्र से गुरना-किमोली मोटर मार्ग में एक जीप खाई में गिर गई। इस हादसे में चालक समेत पांच लोग चोटिल हो गये। गनीमत यह रही कि हादसे में किसी को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा।
जानकारी के अनुसार वाहन संख्या यूके 02 टीए 1454 गुरना से किमोली जा रहा था। दोपहर करीब दो बजे मयू नामक स्थान के पास वाहन अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में चालक समेत छह लोग शामिल थे। हादसे की सूचना मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। घायलों को खाई से निकालकर निजी वाहन से जिला अस्पताल भेजा गया। हादसे में महेश सिंह (52) पुत्र विशन सिंह, संतोष सिंह (24) पुत्र दीवान सिंह, हरीश सिंह (25) पुत्र नंदन सिंह, चालक दीवान सिंह (40) पुत्र लक्ष्मण सिंह, केशर सिंह (52) पुत्र दलीप सिंह निवासी किमोली घायल हुए हैं। वाहन में सवार दीपक सिंह (48) पुत्र दलीप सिंह को कोई चोट नहीं आई। उन्हें मौके से ही घर भेज दिया गया।
Tushar Kandpal
संपादक