बागेश्वर। 81 यूके बटालियन एनसीसी कैडेटों ने सरयू नदी पर स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान कैडेटों द्वारा नदी में जमा कूड़े और गंदगी को साफ किया गया। अभियान के दौरान कैडेटों द्वारा लोगों को स्वच्छता के प्रति भी जागरूक किया गया। वहीं अभियान के तहत जागरूकता रैली भी निकाली गयी। बता दें कि कल पांच अप्रैल को समुद्री दिवस मनाया जायेगा। इसी के चलते एनसीसी कैडेट द्वारा यहां पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान सूबेदार राबिन थापा के नेतृत्व में कैडेटों ने प्रेरणादायक नारों के साथ लोगों को नदियों को स्वच्छ और सुरक्षित रखने के लिए प्रेरित किया। राइंका के एनसीसी अधिकारी दीप चंद्र जोशी ने बताया कि समुद्री दिवस का आयोजन समुद्री व्यापार और यातायात के प्रति जागरुकता के लिए किया जाता है। इसके तहत चलाए जा रहे पुनीत सागर अभियान के तहत जलधाराओं और जलस्रोतों को स्वच्छ रखने के लिए कार्य किया जाता है। उन्होंने बताया कि चार अप्रैल को नगर के विभिन्न विद्यालयों के कैडेट नगर में विशाल जागरूकता रैली निकालेंगे। कार्यक्रम में 200 कैडेट शामिल होकर सरयू और गोमती संगम पर स्वच्छता अभियान चलाएंगे। शनिवार को चले स्वच्छता अभियान में 65 कैडेटों ने भागीदारी की।
Tushar Kandpal
संपादक