देहरादून। उत्तराखण्ड में मौसम पल-पल करवट बदल रहा है। शनिवार को शुरू हुआ बारिश का दौर आज सुबह तक जारी रहा। वहीं ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हो रही है जिससे तापमान बहुत गिर गया है। मैदानी इलाकों में शीतलहर का खासा असर देखने को मिल रहा है। बारिश और बर्फबारी के चलते कड़ाके की ठण्ड पड़ रही है। बर्फबारी की वजह से गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे कई जगह पर बंद पड़ा हुआ है। देहरादून में रविवार सुबह भी हल्की बारिश जारी रही। हालांकि बाद में धूप खिल आईऔर फिर मौसम खराब हो गया। मसूरी में देर रात से बारिश हो रही है। शहर में कड़ाके की ठंड बढ़ गई है। चारधामों में बर्फबारी हो रही है। रुद्रप्रयाग जिले में सुबह से बारिश हो रही है। केदारनाथ में बर्फबारी जारी है। चमोली जनपद में लगातार बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। चकराता, धनोल्टी और औली के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई है। यमुनोत्रीधाम सहित यमुना घाटी में रविवार सुबह से बारिश और बर्फबारी हो रही है। मौसम के इस मिजाज से लोग घरों में दुबके हुए हैं। बर्फबारी-बारिश के चलते यमुनोत्री हाईवे अभी भी बंद है। यहां तक की मार्ग खोलने का कार्य भी शुरू नहीं हो पाया है। यमुनोत्री क्षेत्र में आए आठ पर्यटक अभी भी जानकीचट्टी में ही फंसे हुए हैं। वहीं दोपहर बाद राडी टॉप के पास बंद यमुनोत्री हाईवे बड़कोट तक छोटी वाहनों के लिए खुल गया। जिसके बाद चिन्यालीसौड़ से लौट रहे भाजपाई सहित कई फंसे लोग अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।
Tushar Kandpal
संपादक