बागेश्वर। श्रम विभाग की ओर से बांटी गयी राहत सामग्री का लाभ न मिलने से गुस्साई महिला श्रमिकों ने बागेश्वर में नारेबाजी के बीच जुलूस निकाला। इस दौरान श्रमिकों ने श्रमिकों ने तहसील परिसर में धरना देकर श्रम प्रवर्तन अधिकारी के खिलाफ नारेबाजी की। उधर प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर श्रमिकों को रोजाना बुलाकर बिना सामग्री बांटे लौटाने के आरोप की जांच की मांग की और इसके बाद एसडीएम से वार्ता के बाद श्रमिकों ने धरना समाप्त किया। भवन निर्माण में लगे कुछ श्रमिकों को श्रम विभाग की ओर से कंबल, छतरी आदि सामग्री बांटी गई लेकिन बागेश्वर, गरुड़, खरही मंडल क्षेत्र की कई महिला श्रमिकों को इनका लाभ नहीं मिल सका। इससे नाराज लोगों ने सोमवार को कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री बालकृष्ण के नेतृत्व में नगर में जुलूस निकाला। श्रम विभाग के कार्यालय से एसबीआई तिराहा, गोमती पुल, तहसील मार्ग होकर नारेबाजी कर श्रमिक तहसील परिसर पहुंचे। उन्होंने एसडीएम कार्यालय के सामने धरना दिया। कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री बालकृष्ण ने एसडीएम हर गिरी को बताया कि श्रम विभाग श्रमिकों को रोजाना उत्पीड़ित कर रहा है। श्रमिकों को संदेश देकर सामग्री लेने के लिए बुलाया जाता है लेकिन पूरे दिन लाइन में लगाने के बाद शाम को खाली हाथ लौटाया जा रहा है। कहा कि श्रम प्रवर्तन अधिकारी श्रमिकों के साथ छलावा कर रहे हैं। कुछ चुनिंदा लोगों को ही राशन, उपकरण, कंबल आदि बांटे गए हैं। बाकी लोगों को परेशान किया जा रहा है। एसडीएम ने मामले का स्वयं संज्ञान लेकर ब्लॉकवार सामग्री बंटवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद श्रमिकों ने धरना समाप्त किया। इस मौके पर हंसी देवी, शोभा देवी, बीना देवी, कमला देवी, बहादुर सिंह बिष्ट, अर्जुन देव, महेश पंत, संदीप पंत आदि रहे।
Tushar Kandpal
संपादक