पटना। बिहार की राजनीति के सबसे बड़े आधार स्तंभ यानी 'अति पिछड़ा' समाज को साधने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को राजधानी पटना के ऐतिहासिक श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में एक विशाल 'अति पिछड़ा सम्मान समारोह' का आयोजन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हुंकार भरते हुए इस वर्ग को बड़ा भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने दोटूक अंदाज में कहा, "बिहार के 36 प्रतिशत अति पिछड़ों का असली अंगरक्षक मैं हूं। जब तक आपका यह भाई इस कुर्सी पर बैठा है, तब तक कोई माई का लाल आपका हक नहीं मार सकता और न ही आपका कुछ बिगाड़ सकता है।"
यह विशेष समारोह अति पिछड़ा समुदाय से आने वाले बिहार सरकार के नवनियुक्त मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी के सम्मान में आयोजित किया गया था, जिसमें पूरे राज्य से हजारों की संख्या में समाज के लोग जुटे। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिन-रात सिर्फ देश के विकास के बारे में सोचते हैं। पीएम मोदी का स्पष्ट मानना है कि जब तक समाज की आखिरी पंक्ति में बैठे व्यक्ति का उदय और विकास नहीं होगा, तब तक देश महाशक्ति नहीं बन सकता। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बिहार सरकार की हर नीति में अति पिछड़ों को सर्वोच्च तवज्जो दी जा रही है ताकि समाज का हर व्यक्ति शिक्षा, स्वरोजगार और पूर्ण आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सके। मुख्यमंत्री ने मंच से अपराधियों और लापरवाह सरकारी तंत्र को भी बेहद कड़े शब्दों में चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि बिहार में अपराध के खिलाफ 'सफाई अभियान' लगातार जारी रहेगा। संगीन अपराधों में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। इसके साथ ही कार्यप्रणाली को दुरुस्त करने का फॉर्मूला बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, "मेरा नियम साफ है मैं सिर्फ तीन नोटिस देता हूं। अगर सरकारी कर्मचारियों ने 30 दिनों के भीतर जनता का काम पूरा नहीं किया, तो 31वें दिन सीधे सस्पेंशन (निलंबन) का लेटर उनके घर पहुंच जाता है। देशभर में चर्चा का विषय बनी नीट परीक्षा का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपनी संवेदनशीलता और सख्ती को जाहिर किया। उन्होंने कहा, "नीट की परीक्षा बेहतर ढंग से संपन्न हुई है। इस परीक्षा में थोड़ी भी गड़बड़ी करने वाले एक-एक दोषी को चुनकर हमारी सरकार ने जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया है। छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ रोकने के लिए मैं खुद पिछले तीन दिनों से सोया नहीं हूं। मुख्य विपक्षी दल पर सीधा हमला बोलते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की जितनी कुल औकात (क्षमता) नहीं है, उससे कहीं ज्यादा संख्या में अति पिछड़ा समाज के विधायक आज भारतीय जनता पार्टी के पास हैं। इस बयान के बाद पूरे पंडाल में जमकर नारेबाजी हुई। इस सफल आयोजन से भाजपा ने साफ कर दिया है कि आगामी चुनावों में अति पिछड़ा वोट बैंक ही बिहार की सत्ता की चाबी बनेगा।

